NRI Matters News Desk | अपडेटेड: 20 मई 2025
नई दिल्ली: भारत-पाक संबंधों की संवेदनशीलता के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहाँ हरियाणा की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ट्रैवल ब्लॉगर ज्योति मल्होत्रा, जिन्हें YouTube चैनल ‘Travel With JO’ से जाना जाता है, को पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ज्योति पिछले दो वर्षों में पाकिस्तान की कई यात्राएं कर चुकी थीं। उनकी इन यात्राओं और संवादों में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों से जुड़े कई नाम सामने आए हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि 2023 में पाकिस्तान वीज़ा के लिए आवेदन करते समय ज्योति की मुलाकात दिल्ली स्थित पाक हाई कमीशन में कार्यरत अधिकारी दानिश से हुई थी, जिनका वास्तविक नाम एहसान-उर-रहीम बताया गया है। उन्हें हाल ही में भारत सरकार द्वारा persona non grata घोषित कर देश से निष्कासित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दानिश और उसके सहयोगियों—अली अहवान, शाकिर और राना शहबाज़—ने ज्योति को पाकिस्तान में ठहरने, यात्रा और विशेष ट्रीटमेंट देने की व्यवस्था की थी। इस दौरान कथित रूप से उन्होंने ज्योति से भारत से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं हासिल कीं।
एक महत्वपूर्ण सुराग यह भी मिला है कि ज्योति ने शाकिर का नाम अपने फोन में ‘जट रंधावा’ के नाम से सेव किया था ताकि संदेह न हो। भारत लौटने के बाद वह Telegram, WhatsApp और Snapchat जैसे प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए संपर्क में रहीं।
गिरफ्तारी की टाइमलाइन:
13 मई को पाकिस्तान अधिकारी ‘दानिश’ को भारत से निष्कासित किया गया।
इसके कुछ ही दिन बाद ज्योति को पुलिस ने हिरासत में लिया।
अब पुलिस इस मामले में फंडिंग, ट्रैवल स्पॉन्सरशिप, और किसी संभावित नेटवर्क के शामिल होने की जांच कर रही है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर के बाद तनावपूर्ण हालात और सीज़फायर समझौते की स्थिति बनी है।
जांच जारी है, और NRI Matters TV इस हाई-प्रोफाइल केस से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुँचाता रहेगा।


