बुधवार शाम दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट उस समय गंभीर मौसम में फंस गई जब वह रास्ते में अचानक आए तेज़ तूफान और ओलों की चपेट में आ गई। फ्लाइट नंबर 6E2142 में 227 यात्री सवार थे और यह घटना उस वक्त हुई जब दिल्ली-एनसीआर में तेज़ आंधी, बारिश और ओले गिर रहे थे।
फ्लाइट के अंदर का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि फ्लाइट तेज़ झटकों से कांप रही थी, बच्चे और यात्री घबराए हुए थे, और बिजली की चमक खिड़कियों से दिखाई दे रही थी। यात्रियों के मुताबिक, ऐसा लगा जैसे विमान किसी बवंडर में फंस गया हो।
मौसम की भयावह स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत श्रीनगर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर आपातकालीन सूचना दी। पायलट की सतर्कता और कुशलता से फ्लाइट को श्रीनगर एयरपोर्ट पर शाम करीब 6:30 बजे सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने बयान जारी कर बताया कि सभी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई और लैंडिंग के बाद उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की गई।
हालांकि एयरलाइन ने विमान को हुए किसी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन वायरल तस्वीरों में विमान के नाक के हिस्से को क्षतिग्रस्त देखा जा सकता है। NRI MATTERS TV NEWS ने स्वतंत्र रूप से इस नुकसान की पुष्टि की है और विमान को फिलहाल तकनीकी जांच के लिए रखा गया है।
इस दौरान दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम ने विकराल रूप ले लिया था। तेज़ हवाओं और बारिश के कारण पेड़ गिर गए, कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया। दिल्ली के सफदरजंग क्षेत्र में केवल तीन घंटे में 12.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। नोएडा और गुरुग्राम में भी तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और उसके आसपास के क्षेत्र में बने एक चक्रवाती परिसंचरण और पंजाब से बांग्लादेश तक फैले ट्रफ के कारण यह अचानक मौसम बदलाव हुआ। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी ने इस सिस्टम को और ज़्यादा ताकत दी।
दिल्ली दिनभर भीषण गर्मी और उमस से परेशान थी। अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हीट इंडेक्स यानी महसूस होने वाला तापमान 50.2 डिग्री तक पहुंच गया था।


